Friday, 25 August 2017

आज़ादी का long weekend

"वाराणसी से चल कर प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, मुरादाबाद के रस्ते दिल्ली को जाने वाली गाड़ी संख्या चौदह हज़ार दो सौ सत्तावन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर छः पर आ रही है", सुनकर अपने अध्भीगे रुमाल से पसीना पोंछते हुए फिरदौस ने ख़ुद को आगे आने वाले लम्बे सफर के लिए बेमन से तैयार किया। 

यह कहना तो गलत होगा किआज़ादी की सत्तरवी वर्ष गाँठ मानाने के लिए वह घर आया था। सच तो यह है कि १५ अगस्त के 'long weekend' में कोई और योजना ना बन पाने के कारण लखनऊ आ गया था। लखनऊ तक के सफर का उसका आंकलन औसत था। गुडगाँव से वातानुकूलित टैक्सी से दिल्ली, वहां से 'duplicate' लखनऊ मेल के AC ३ टियर से चारबाग़ और फिर एक वातानुकूलित टैक्सी से घर। घर तक के रास्ते में वो सोच रहा था, "यह ट्रेन का सफर अब दिन पर दिन कठिन होता जा रहा है, न ठीक से बर्थ पर अटता हूँ,  ऊपर से कमर भी दुःख जाती है। इस बार वापसी में पिताजी को बोलूंगा कि गाड़ी दे दें", सोचते हुए फिरदौस के मन में उत्साह की लैहर दौड़ गयी। गाड़ी के ख्याल ने कुछ और भी पुलाओ पकाया, मानो अब तो गुडगाँव की सड़कों का बेताज बादशाह बन बैठा हो। कल्पना की उड़ान तो यहाँ तक पहुंच गयी कि वापसी में स्वर्ण शताब्दी का टिकट तत्काल में कराने को उसने वैकल्पिक योजना ठैहरा दिया। 

झिझक और डर से भरे होकर भी उसने पिताजी के सामने अपनी माँ से चार पहिये की बात छेड़ दी। माँ ने तमतमाते हुए फिरदौस की अर्ज़ी ख़ारिज कर दी, पिताजी की कोई भी प्रतिक्रिया न आने पर फिरदौस उनका भी जवाब समझ गया। १४ अगस्त को सुबह १०:०० बजे शताब्दी का तत्काल टिकट करने का उसका प्रयास भी असफ़ल रहा। टिकट कराने की असफलता फिरदौस की गाड़ी प्राप्ति की अंतिम उम्मीद बन कर उसके मन को प्रफुल्लित कर गयी। इशारों-इशारों में उसने पिताजी से फिर गुहार लगायी पर उन्होंने अनसुना कर दिया। इस दिलेर कारनामे के चलते फिरदौस के पास अब गाड़ी तो छोड़िये, AC ट्रेन का टिकट भी न था। खाया पिया कुछ नहीं गिलास थोड़ा बारा आना उसे अपनी अवस्था पे चरितार्थ होता मालूम पड़ रहा था! हथियार डाल कर अब उसने ११:०० बजे 'sleeper' में टिकट कराने का फैसला किया। ऊपर वाले की अनुकम्पा से उसे आख़िर कशीविश्वनाथ में टिकट मिल गया। 

चारबाग़ स्टेशन पर ट्रेन आने का सन्देश हो चुका था। आज लखनऊ में ऊमस अपने चरम पर थी। पसीना था के रुकने का नाम ही नहीं ले रहा था। बहुत दिनों के बाद स्लीपर में चलने की कुछ खीज भी थी फिरदौस के मन में। कहाँ AC ३ को कष्टकारी समझने वाला कहाँ अब 'sleeper' में सफर करने जा रहा था। अनारक्षित डिब्बे के ठीक बगल में होने के कारण उसके डिब्बे में भी काफी भीड़ थी। दरवाज़े से करीब ४ लोग लटक रहे थे और किसी तरह उनको पार कर के अपनी बर्थ तक पहुंचने में ६-८ लोगों को और धक्का मारना पड़ा। उसकी बर्थ कोच में पहली थी। इस वजह से वहाँ लोगों की सँख्या और भी ज़्यादा थी। वहाँ पहुंचने पर बिना आरक्षण वाले यात्रियों को अपनी सीट से हटाना पड़ा। अपनी भाव भंगिमा से अपनी विरूचि प्रदर्शित करने में उन लोगों ने कोई कसर नहीं छोड़ी। शीघ्र ही ट्रेन चल दी और वह अपनी ऊपर वाली बर्थ पर चढ़ गया। 




अपनी सम्पत्ति की सुरक्षा सर्वोपरि थी इस लिए उसने जूते पहन कर ही ऊपर चढ़ना श्रेष्ठ समझा। उमस का असर यहाँ भी बरक़रार था। कुछ देर किताब पढ़ी फिर झपकी आ गयी। रात करीब १२ बजे जब नींद खुली और प्रसाधन जाने का विचार किया तो पाया कि डब्बे में सब सो गए थे। उसकी तरफ की सबसे नीचे वाली बर्थ पर २ महिलायें सो रही थीं, उनके सामने वाली बर्थ पर एक सज्जन सो रहे थे और एक जनाब किसी तरह खुद को अकड़ू बर्थ के एक छोर पर फँसे हुए थे। ज़मीन पर चादर डाले एक लड़की सो रही थी। साइड बर्थ पर तो गज़ब ही दृश्य था, कुल ४ लोग लाशों की भांति एक-दूसरे पर पड़े थे, उनके ऊपर वाली बर्थ पर भी २ लोग और कुछ ४ बस्ते विराजमान थे। नीचे उतरते ही उसकी नज़र २ लड़कों पर पड़ी जो दरवाज़ा खोले पैर बाहर लटका कर ज़मीन पर बैठे थे। दोनों ही नींद की गिरफ़्त में थे और न जाने कैसे खुद को बाहर गिरने से रोक रहे थे। थोड़ा बढ़ने पर उसने पाया के कम्पार्टमेंट से निकलते ही एक महिला अपने बच्चे को लिए फर्श पे सो रही थी, उससे सटा हुआ कोच का कूड़ा दान था। उसके साथ ही दूसरे दरवाज़े तक शायद ५ लोग और थे। वह भी कुछ इसी अवस्था में थे। दोनों प्रसाधन के बीच की जगह में भी दो लोग काफ़ी चैन की नींद सो रहे थे। 

इन सबको लांघते हुए फिरदौस किसी तरह प्रसाधन कक्ष पंहुचा जो की बुरी तरह महक रहा था। वहाँ से लौटते वक़्त उसे ये अहसास हुआ कि सारे लोग जिन्हे उसने अभी २ बार लांघा वे न ही उसके कूच से विचलित हुए और न ही प्रसाधन की तीक्ष्ण दुर्गन्ध से। अपनी बर्थ पर वापस आ कर इस अनुभव के बारे में सोचने लगा। खुद को बहुत छोटा महसूस कर रहा था। इन लोगों की व्यथा के आगे अपनी असुविधाओं की तुच्छता पर लाज आ रही थी उसे। "कहाँ मेरे लिए AC कोच न मिलना समस्या थी और दरवाज़े से लटके वह दोनों लड़के रात की ठंडी हवा में चैन से सो रहे हैं, कहाँ मुझे प्रसाधन की तीव्र दुर्गंद नाग़वार थी और कहाँ वो माँ है जो कूड़े दान के आगे भी अपनी संतान को अपनी छाती से लगाये थपकी देकर सुला रही है", उसने सोचा। जहाँ उसके मन में अकेले लखनऊ से दिल्ली अपनी चार पहिया गाड़ी से न जा पाने का ग़म था वहीँ  ४ लोगों का परिवार वाराणसी से दिल्ली तक का सफर एक बर्थ पर काट कर संतुष्ट था। ट्रेन के धक्कों से जहाँ एक तरफ उसका शरीर हिचकोले खा रहा था वहीं इन विचारों के तूफ़ान में उसका अन्तःकरण डूबता जा रहा था।

उसे पिछले ७० वर्षों में हुई प्रगति पर संशय हो रहा था। क्या हासिल हुआ आज़ादी, जनतंत्र, संविधान, सकल घरेलु उत्पाद (GDP) से उन लोगों को जो शौचालय के सामने लेटे हुए थे? अच्छे दिनों का सपना उसे अपनी आँखों के सामने दम तोड़ता हुआ नज़र आ रहा था। क्या यही नेहरू जी के 'tryst with destiny' का प्रतिबिम्ब था? निराशा के अन्धकार में उसका मन डूबने लगा। अपने कष्टों और सहयात्रियों की विषमताएं देख कर उसे भारत और इंडिया का अन्तः भेद महसूस हो रहा था।  

वह उठ कर बैठा और दरवाज़े पर लटके दोनों युवकों को देखने लगा। गाँधीजी के शब्द उसके मन में तैर रहे थे - 'there is enough on Earth for everybody's need, but not enough for everybody's greed' . उसने बर्थ पर अपना सामान एक तरफ समेटते हुए दोनों लड़कों को पुकारा, "ऊपर आ जाओ, ये बर्थ आधी ख़ाली है"। यह कह के फिरदौस गुड़िया के लेट गया। कब वह नींद में खो गया, पता ही नहीं चला। सुबह जब गाज़ियाबाद स्टेशन पर आँख खुली तो उसने देखा के उसके सामने एक लड़का दीवार की टेक लगाए और सामने वाली बर्थ प पाओं फसाये सो रहा है। ज़रा ध्यान से देखा तो एहसास हुआ कि यह वही लड़का है जो कल रात दरवाज़े से लटक रहा था। फिरदौस के चेहरे पर सहसा एक मुस्कान खेल गयी, और वो करवट बदल के दोबारा सो गया। 

Sunday, 23 April 2017

भाव शून्यता

मेरे मोबाइल पर गूगल न्यूज़ का नोटिफिकेशन आया, लिखा था "Tamil farmers drink urine on the 40th day of protest at Jantar Mantar"। यह सुर्खी पढ़ के सच कहूँ तो पहले घिन सी आयी, सोचा कोई ऐसा क्यों करेगा? थोड़ा और पढ़ा तो याद आया यह वही लोग हैं जो कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री कार्यालय के सामने नग्न हो गये थे। थोड़ी और रूचि बढ़ी तो सोचा इस खबर का वीडियो देख के पूरा मसला समझ लिया जाये। 



गूगल पर आसानी से कुछ नहीं मिला तो सोचा रवीश जी ने ज़रूर कुछ ख़बर चलायी होगी इस पर। २ प्राइम टाइम वीडियो मिले - एक अभी कल ही का था। इस वीडियो में किसानों द्वारा ४० दिन में हर दिन अपनाये गए प्रदर्शन के असाधारण तरीकों का वर्णन था। गले में मरे हुए किसानो के कंकाल की माला पहनना, दिल्ली रेलवे स्टेशन से चूहे उठाकर उन्हें मुँह में दबाना, सकड़ पे चावल बिछा के खाना, नग्न हो जाने से लेकर मूत्र पी लेने तक सब शामिल था। 

तमिल नाडु में इस बार सूखे ने पिछले १४० वर्षों का कीर्तिमान तोड़ दिया और कर्नाटक द्वारा कावेरी नदी का पानी ना छोड़े जाने से किसानों की हालात पूरी तरह चरमरा गयी। अक्टूबर से दिसंबर के बीच में १४४ किसानों ने क़र्ज़ के बोझ तले आत्महत्या कर ली। वहाँ के सत्ता हथियाने के अश्लील खेल से हताश होकर ये किसान दिल्ली आ गये। २५ वर्ष से लेकर ७५ वर्ष तक के पुरुष तथा महिलायें इस प्रदर्शन में शामिल हैं। दिल्ली की कठोर गर्मीं में कुछ किसान बीमार हो के तमिल नाडु वापस लौट गए और उनकी जगह कुछ और किसान आ गए। पिछले ४०दिनों से यह लोग जंतर मंतर पर शांति पूर्ण प्रदर्शन कर रहें हैं। कई नेताओं ने जंतर मंतर पर अपनी हाज़री भी दर्ज कराई पर अभी तक केंद्र सरकार की ओर से इन्हें कोई भी राहत नहीं पहुंचाई गयी है।



जब तक मैंने यह वीडियो देखा, मन में एक टीस उठती रही, मेरा अस्तित्व इन तमिल किसानों की व्यथा देख कर मुझे कचोटता रहा। इन किसानों की पीड़ा देख कर लगा कोई कैसे ये सब होता देख कर चैन से सो सकता है। इस दौरान एक क्षण को जंतर मंतर जाने का फैसला भी कर लिया। फिर वीडियो ख़त्म हुआ और मैं रात्री भोज को चला गया। खाने में लज़ीज़ व्यंजन खाये, ठंडा पानी पिया और अपने वातानुकूलित कमरे में आकर अपने मुलायम गद्दे पर पसर गया। संवेदनहीनता की पराकाष्ठा को मैंने आज बहुत करीब से महसूस किया। प्रतीत होता है के मेरे अंदर की मानवता शायद कहीं दूर दुबक कर चैन की नींद सो गयी है। हाँ! एक संतोष अवश्य है, इस भाव शून्यता के शिखर पर मुझे अकेलापन नहीं महसूस हो रहा है क्योंकि आप, मीडिया और भारत सरकार भी मेरे साथ यहीं हैं।

मीडिया अपने-अपने राजनैतिक मालिकों की गुलामी में, या फ़िर आईपीएल में व्यस्त है। आप या तो अपने में ही मसरूफ़ हैं या फिर अपने इष्ट नेता के दैवीय कारनामों से विशि भूत हैं। पर सरकार का इस चोटी पर होना कुछ समझ नहीं आया। चलिए हम और आप इनके नहीं पर यह सरकार तो इनकी है, सरकारी हुक्मरान तो इन लोगों का उद्धार करने के लिए ही बैठे हैं। अच्छा ! २०१९ के चुनावों में अभी वक़्त है और केंद्र की सत्ताधारी पार्टी का तमिल नाडु में कुछ ख़ास वोट बैंक नहीं है।


चलिये जाने दीजिये ! सुना है के कल शायद यह किसान अपना मल खायेंगे, समय मिला तो एक नज़र इस ख़बर को देख लीजियेगा वरना कल आईपीएल देख कर 'कोरबो लोड़बो जीतबो रे' गा लीजियेगा। वैसे भी खेती के दौरान आत्माहत्या तो अब व्यवसायजनित जोखिम है। 

जय हिन्द ! जय श्री राम !